बंटी नागर को कौन कर रहा था परेशान? चंपू की पत्नी योगिता पर गंभीर आरोप, नीलेश उपाध्याय का नाम भी जांच में

इंदौर | विशेष रिपोर्ट | प्रणव बजाज



रियल एस्टेट कारोबारी बंटी नागर की मौत के बाद मामला अब सिर्फ आत्महत्या तक सीमित नहीं रह गया है। जांच में सामने आए आरोपों ने इंदौर के चर्चित जमीन कारोबारी चंपू अजमेरा परिवार से जुड़े पुराने विवादों को भी फिर सवालों के घेरे में ला दिया है। आरोप है कि चंपू अजमेरा की पत्नी योगिता अजमेरा बंटी नागर को लगातार परेशान कर रही थीं और उनके कथित दबाव के लिए हिस्ट्रीशीटर नीलेश उपाध्याय का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह आरोप फिलहाल जांच का विषय है और पुलिस की अंतिम पुष्टि बाकी है।


बंटी नागर और योगिता अजमेरा के बीच रियल एस्टेट कारोबार तथा राऊ क्षेत्र की एक कॉलोनी से जुड़े करोड़ों रुपये के लेनदेन और हिसाब-किताब को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के बीच बंटी को कथित धमकियों और दबाव का सामना करने की बात कही जा रही है। सवाल यह है कि कारोबारी विवाद आखिर उस स्तर तक कैसे पहुंचा कि बंटी नागर की मौत हो गई?


चंपू अजमेरा परिवार का जमीन विवादों से पुराना नाता रहा है। कालिंदी गोल्ड, फिनिक्स टाउनशिप और सैटेलाइट हिल्स से जुड़े मामलों में लंबे समय तक प्लॉट खरीदारों की शिकायतें, पुलिस प्रकरण और प्रशासनिक हस्तक्षेप सामने आते रहे हैं। न्यायालयीन रिकॉर्ड में चंपू अजमेरा और योगिता अजमेरा से जुड़े अलग-अलग मामलों में धोखाधड़ी और जालसाजी जैसी गंभीर धाराओं का उल्लेख भी मिलता है।


अब बंटी नागर प्रकरण ने पुराने विवादों की फाइल फिर खोल दी है। योगिता अजमेरा की कथित भूमिका, नीलेश उपाध्याय से उनके संबंध, बंटी पर बनाए गए दबाव और करोड़ों के कारोबारी लेनदेन—इन सभी कड़ियों की जांच इस मामले की दिशा तय कर सकती है।


सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या बंटी नागर पर कथित दबाव के पीछे सिर्फ कारोबारी विवाद था या इसके पीछे जमीन कारोबार का कोई बड़ा खेल छिपा था?

Post a Comment

Previous Post Next Post