Top News

नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज को अपने ही लोगों से डर, बोलीं- पंजाब को पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा खतरा

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने सुरक्षा को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने देश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को पड़ोसी देशों की तुलना में अपने ही पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा सुरक्षा खतरा है। मरियम ने यह बात लाहौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कही।



मरियम नवाज के मुताबिक पंजाब की प्रांतीय सीमाओं से आतंकवाद और अन्य सुरक्षा खतरे प्रवेश करते हैं। उन्होंने खास तौर पर अंतर-प्रांतीय सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि सरकार ने इन इलाकों में जांच चौकियों को मजबूत करने के साथ बुलेटप्रूफ सुरक्षा, थर्मल कैमरे और ड्रोन जैसी तकनीक तैनात की है।


मरियम ने पंजाब को सुरक्षित प्रांत बताते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए बड़े स्तर पर तकनीक का इस्तेमाल किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कच्चा इलाका, जो पहले अपराध और अपहरण के लिए बदनाम था, वहां राज्य की पकड़ मजबूत हुई है।


लेकिन उनके बयान पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि पड़ोसी प्रांतों, खासकर खैबर पख्तूनख्वा, को सुरक्षा खतरे के रूप में पेश करने वाली भाषा प्रांतीय विभाजन को बढ़ा सकती है।


मरियम का बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान में आतंकवाद और प्रांतीय सीमाओं से जुड़े सुरक्षा सवाल लगातार चर्चा में हैं। ऐसे में उनके बयान को केवल सुरक्षा चेतावनी नहीं, बल्कि पाकिस्तान के भीतर बढ़ती प्रांतीय राजनीतिक खींचतान के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post