Top News

बलूचिस्तान में बढ़ा तनाव, BLA का 14 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जे का दावा

 


बलूचिस्तान में पाकिस्तान सरकार और अलगाववादी संगठन बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज होता दिख रहा है। BLA ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाकों में पाकिस्तान की 14 सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया या उन्हें नष्ट कर दिया। संगठन ने यह भी दावा किया कि कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार और सैन्य सामान उसके हाथ लगा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।


यह दावा ऐसे समय आया है जब बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों और अलगाववादी संगठनों के बीच लगातार हमले हो रहे हैं। हाल के दिनों में BLA और बलोच लिबरेशन फ्रंट (BLF) दोनों ने पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने का दावा किया है। 


बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती पहले ही कह चुके हैं कि सरकार विद्रोही संगठनों से बातचीत नहीं करेगी और आतंकवाद के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेगा। उन्होंने प्रांत की स्थिति को युद्ध जैसी बताते हुए सुरक्षा अभियान तेज करने की बात कही है। 


BLA लंबे समय से पाकिस्तान से अलग स्वतंत्र बलूचिस्तान की मांग को लेकर सशस्त्र संघर्ष कर रहा है। संगठन को अमेरिका समेत कई देशों ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है। ऐसे में 14 सैन्य चौकियों पर कब्जे का दावा पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा और बलूचिस्तान में राज्य के नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post