लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में पार्टी की बड़ी बैठक प्रस्तावित है, जिसमें चुनावी रणनीति, संगठन की सक्रियता और बूथ स्तर तक पहुंच मजबूत करने पर मंथन होगा। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की सक्रियता को देखते हुए इस बैठक को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष हाल ही में लखनऊ और कानपुर के दौरे पर रहे, जहां संगठन के साथ 2027 की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संभावित दौरों की तैयारियां भी की जा रही हैं।
भाजपा का फोकस केवल बड़े नेताओं की सभाओं तक सीमित नहीं है। पार्टी हर घर तक पहुंचने, युवाओं से संपर्क बढ़ाने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं सरकार के पिछले वर्षों के कामकाज और कानून-व्यवस्था को भी चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी है।
2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगे झटके के बाद 2027 की लड़ाई उसके लिए खास महत्व रखती है। ऐसे में लखनऊ की महाबैठक में तय होने वाली रणनीति यह संकेत दे सकती है कि भाजपा योगी सरकार के कामकाज, संगठन की ताकत और सामाजिक समीकरण—इन तीनों को किस तरह चुनावी चक्रव्यूह में बदलने जा रही है।

Post a Comment