Top News

अमृतसर एयरपोर्ट पर संदिग्ध ड्रोन से हड़कंप, 7 उड़ानें डायवर्ट



पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार रात संदिग्ध ड्रोन जैसी उड़ती वस्तुएं दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। रनवे और परिचालन क्षेत्र के आसपास गतिविधि नजर आने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल सतर्कता बरती और एहतियात के तौर पर अमृतसर आने वाली सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया। 



जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10 बजे दो से चार संदिग्ध उड़ती वस्तुएं एयरपोर्ट की दिशा में आती दिखाई दीं। इनके कुछ समय तक रनवे के आसपास मंडराने की सूचना है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि ये वस्तुएं वास्तव में ड्रोन ही थीं। 


घटना के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एयरपोर्ट से सटे इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। सुरक्षा टीमों ने संदिग्ध गतिविधि का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी प्रणालियों की जांच शुरू कर दी है। 


डायवर्ट की गई उड़ानों में कुआलालंपुर, शारजाह, दिल्ली और मुंबई से अमृतसर आने वाली उड़ानें शामिल बताई गई हैं। इससे पहले फरवरी 2026 में भी अमृतसर एयरपोर्ट के आसपास संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के बाद उड़ान संचालन प्रभावित हुआ था और दो उड़ानों को डायवर्ट किया गया था। 


अमृतसर पाकिस्तान सीमा के नजदीक होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में ताजा घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल जांच जारी है और संदिग्ध उड़ती वस्तुओं की वास्तविक पहचान का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post