नर्मदापुरम। शहर में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने के बाद कथित तौर पर गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी, महिला डॉक्टर और उसके परिजनों समेत छह लोगों के खिलाफ POCSO एक्ट, दुष्कर्म और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, डोलरिया क्षेत्र निवासी आरोपी अजीत सिंह ने नाबालिग से कथित तौर पर प्रेम संबंध और शादी का भरोसा दिलाया। आरोप है कि 23 अक्टूबर 2025 को वह उसे घुमाने के बहाने नर्मदापुरम लाया और आनंद नगर स्थित पलाश होटल के कमरे में उसके साथ जबरन संबंध बनाए।
शिकायत के मुताबिक, बाद में नाबालिग गर्भवती हो गई। आरोप है कि 19 फरवरी को आरोपी ने एक महिला डॉक्टर की मदद से दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। मामले में आरोपी की मां, बहन, बड़ी मां और चाचा पर भी घटना की जानकारी होने के बावजूद साथ देने और दबाव बनाने के आरोप हैं।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गर्भपात के बाद उसे धमकाया जाता रहा। करीब आठ महीने बाद कथित तौर पर बदनाम करने का दबाव बढ़ा तो उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एएसपी अभिषेक राजन के अनुसार, मामले में छह आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज है और पांच की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस होटल सहित बताए गए घटनास्थलों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। अब जांच का अहम हिस्सा यह भी है कि नाबालिग के गर्भपात की प्रक्रिया किस परिस्थितियों में और किन कानूनी प्रक्रियाओं के तहत की गई थी।
Post a Comment