नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 3-0 की शानदार जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। ग्रुप एफ के इस मुकाबले में भारत ने तीनों मैच सीधे गेम में जीतकर पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया।
भारत की ओर से सुथीर्था मुखर्जी ने मुकाबले की शुरुआत की। उन्होंने अलीना खान को 11-3, 11-3, 11-4 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 17 वर्षीय सिंड्रेला दास ने कलसूम खान को 11-6, 11-7, 11-5 से मात देकर स्कोर 2-0 कर दिया।
तीसरे मुकाबले में श्रीजा अकुला ने फातिमा खान के खिलाफ 11-4, 11-4, 11-5 से जीत दर्ज करते हुए भारत की 3-0 से जीत पर मुहर लगा दी। भारत ने पूरे मुकाबले में एक भी गेम नहीं गंवाया।
भारतीय टीम ने इससे पहले रविवार को सिंगापुर के खिलाफ रोमांचक मुकाबला 3-2 से जीता था। एक समय भारत 1-2 से पीछे था, लेकिन श्रीजा अकुला और यशस्विनी घोरपड़े ने लगातार दो मुकाबले जीतकर टीम को वापसी दिलाई। पाकिस्तान पर जीत के साथ भारत ने ग्रुप एफ में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।

Post a Comment