नागोया। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने एक बार फिर पोडियम पर जगह बनाई है। पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारत ने सिल्वर मेडल जीता। रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु धिल्लों और पार्थ माने की तिकड़ी ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए। चीन ने 1899.0 अंक के साथ गोल्ड अपने नाम किया और इसी के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया। दक्षिण कोरिया 1884.2 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
भारतीय टीम की ओर से रुद्रांक्ष पाटिल ने 631.8 अंक के साथ व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि हिमांशु धिल्लों ने 630.0 अंक जुटाकर सातवां स्थान पाया। दोनों निशानेबाजों ने व्यक्तिगत 10 मीटर एयर राइफल फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। पार्थ माने 628.3 अंक के साथ 10वें स्थान पर रहे और व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके।
भारत का यह एशियन गेम्स में शूटिंग अभियान का एक और पदक है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने भी 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर जीता था और एलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया था।
अब निगाहें व्यक्तिगत फाइनल पर हैं, जहां रुद्रांक्ष और हिमांशु भारत के लिए एक और पदक की चुनौती पेश करेंगे।

Post a Comment