नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के बीच रविवार रात हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।
हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार 28 सितंबर को बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे और ग्राहकों को शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी। यह राहत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रस्तावित हड़ताल 30 सितंबर की छमाही क्लोजिंग के दौरान होनी थी।
हड़ताल का प्रमुख मुद्दा बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार की छुट्टी की मांग था। समझौते के बाद IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति बनाने का फैसला हुआ है, जो बाकी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के विकल्पों पर चर्चा करेगी और सभी पक्षों, खासकर बैंक ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।
इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए Performance Linked Incentive (PLI) योजना पर भी बातचीत होगी। यूनियनें योजना में बदलाव को लेकर अपनी आपत्तियां IBA के सामने रखेंगी और आगे सरकार के समक्ष प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया पर चर्चा होगी।
यानी फिलहाल बैंकिंग सेवाओं पर तीन दिन की प्रस्तावित मार टल गई है, लेकिन पांच-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और अन्य लंबित मांगों पर बातचीत जारी रहेगी।

Post a Comment