इंदौर/महू। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आबकारी विभाग ने महू की सुपरसिटी कॉलोनी स्थित एक बंद मकान से करीब 234 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.17 लाख रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद 9 सितंबर की सुबह शांति नगर स्थित मकान नंबर 28-डी की तलाशी ली गई। कार्रवाई में करीब 11 पेटी मसाला और 15 पेटी प्लेन शराब मिली। विभाग का दावा है कि बरामद मदिरा मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए रखी गई थी।
कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में की गई। अभियान में कंट्रोलर कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल और सहायक जिला आबकारी अधिकारी पवन टीकेकर सहित आबकारी अमला शामिल रहा।
लेकिन इस कार्रवाई के बाद बड़ा सवाल भी खड़ा होता है—एक रिहायशी कॉलोनी के बंद मकान में इतनी बड़ी मात्रा में शराब आखिर पहुंची कैसे? क्या यह सिर्फ किसी व्यक्ति का अवैध भंडारण था या इसके पीछे बिक्री और आपूर्ति का कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था?
यदि शराब मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए लाई गई थी तो उसके स्रोत, परिवहन के रास्ते और संभावित खरीदारों तक पहुंचना जांच का अहम हिस्सा होना चाहिए। केवल शराब जब्त होने से कार्रवाई पूरी नहीं मानी जा सकती।
महू में बरामदगी यह भी बताती है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई अभी भी लगातार जरूरी है। अब देखना होगा कि विभाग 234 लीटर शराब के साथ उस नेटवर्क तक भी पहुंचता है या मामला सिर्फ जब्ती और प्रकरण दर्ज करने तक सीमित रह जाता है।

Post a Comment