इंदौर। बौद्धिक प्रतिकार
इंदौर में आबकारी विभाग के विशेष अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर अवैध शराब के चार प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग के अनुसार कुल 13.5 लीटर विदेशी मदिरा, 10 लीटर बीयर और 33.3 लीटर देशी मदिरा बरामद की गई।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में टीम ने 29 सितंबर को कार्रवाई की। कंट्रोलर कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल द्वारा गठित टीम ने सुबह गश्त के दौरान नवलखा क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। यहां संजू नामक व्यक्ति के कब्जे से प्लास्टिक की बोरियों में रखी 50 पाव देशी प्लेन और 50 पाव देशी मसाला शराब बरामद की गई।
इसी दौरान छावनी क्षेत्र में होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 10 AP 5192 से कथित रूप से शराब ले जा रहे अंकित सैनी को पकड़ा गया। उसके बैग से ब्लैक एंड व्हाइट, रॉकफोर्ड व्हिस्की और ओल्ड मॉन्क रम की कुल 18 बोतलें बरामद होने की जानकारी विभाग ने दी।
रालामंडल और असरावद खुर्द में भी कार्रवाई हुई। गीताबाई के कब्जे से 20 बीयर कैन, जबकि मनीष चौधरी से 40 पाव देशी मसाला और 45 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की गई।
चारों मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक आशीष जैन, त्रियंबिका शर्मा, वैशाली भगत और आकाश मेश्राम सहित हमराह स्टाफ की भूमिका रही।

Post a Comment