Top News

रक्षाबंधन पर अद्भुत दिखे बाबा महाकाल, सबसे पहले बांधी गई राखी; सवा लाख लड्डुओं का महाभोग

उज्जैन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। परंपरा के अनुसार सबसे पहले बाबा महाकाल को राखी अर्पित की गई, जिसके बाद भस्म आरती और विशेष पूजन किया गया। मंदिर में सुबह करीब 3 बजे पूजन-अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का आकर्षक शृंगार किया गया। 



इस बार बाबा को अर्पित की गई राखियों में शैव और वैष्णव परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिला। पुजारी परिवार की महिलाओं ने विशेष रूप से तैयार की गई राखियां भगवान को समर्पित कीं। एक राखी में भगवान श्रीकृष्ण का मोरपंख और गोमाता के प्रतीक के साथ भगवान शिव का त्रिशूल, डमरू और रुद्राक्ष शामिल किए गए। दूसरी राखी रेशमी कपड़े और लेस से तैयार की गई थी। 


रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया गया। भस्म आरती और पूजन के बाद यह प्रसादी श्रद्धालुओं में वितरित की गई। मंदिर से जुड़े पुजारियों के मुताबिक, श्रावण मास में उपवास रखने वाले अनेक श्रद्धालु रक्षाबंधन पर बाबा के महाभोग की प्रसादी ग्रहण कर अपना व्रत खोलते हैं। 


यह आयोजन सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि उज्जैन की सदियों पुरानी परंपरा और बाबा महाकाल के प्रति भक्तों की श्रद्धा का जीवंत प्रतीक भी बन गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post