काठमांडू। भारत के सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाल सेना के मानद जनरल का रैंक प्रदान किया गया। काठमांडू स्थित शीतल निवास में आयोजित समारोह में नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें यह सम्मान दिया। समारोह में नेपाल सरकार और सेना के वरिष्ठ अधिकारी, नेपाल के उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री शिशिर खनाल तथा नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव मौजूद रहे।
जनरल धीरज सेठ नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल के निमंत्रण पर रविवार को नेपाल पहुंचे थे। दोनों देशों के बीच सेना प्रमुखों को मानद जनरल की उपाधि देने की परंपरा करीब 1950 से चली आ रही है। इसके तहत भारत और नेपाल एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद जनरल रैंक प्रदान करते हैं। यह परंपरा दोनों देशों के ऐतिहासिक और सैन्य संबंधों में विशेष महत्व रखती है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जनरल धीरज सेठ ने नेपाली सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल के साथ द्विपक्षीय सैन्य सहयोग और संबंधों को और मजबूत करने के मुद्दे पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने सैन्य प्रशिक्षण, सहयोग और आपसी संपर्क बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
जनरल सेठ ने भारतीय दूतावास में राजदूत नवीन श्रीवास्तव से भी मुलाकात की। इस दौरान भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। अपनी नेपाल यात्रा के दौरान उन्होंने नेपाली सेना को भारत की ओर से सैन्य और चिकित्सा उपकरण भी प्रदान किए।
मानद जनरल की उपाधि केवल औपचारिक सम्मान नहीं, बल्कि दोनों पड़ोसी देशों की सेनाओं के बीच लंबे समय से कायम विश्वास, सहयोग और पारस्परिक सम्मान का प्रतीक मानी जाती है।

Post a Comment