Top News

सफारी के दौरान हेलीकॉप्टर क्रैश, पांच अमेरिकी समेत सात लोगों की मौत

 


नैरोबी। केन्या के उत्तरी हिस्से में सफारी के दौरान एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। हादसा बुधवार सुबह संबुरु काउंटी के एक दुर्गम इलाके में हुआ।



केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक हेलीकॉप्टर ने लोइसाबा कंजरवेंसी से ईवासो न्यिरो क्षेत्र के लिए उड़ान भरी थी। सुबह करीब 9 बजकर 13 मिनट पर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में छह यात्री और एक पायलट सवार थे। दुर्घटना के बाद बचाव और राहत दल मौके पर पहुंचे, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका।


मृतकों में अमेरिकी प्रसारण नेटवर्क टेलीमुंडो के वरिष्ठ अधिकारी होसे अल्बेर्तो सुआरेज भी शामिल थे। इसके अलावा इक्वाडोर के राष्ट्रीय खुफिया केंद्र के प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी और उनकी पत्नी स्टेफनी होलिहान की भी मौत हुई। अमेरिकी विदेश विभाग ने पांच अमेरिकी नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है।


हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनास्थल दुर्गम क्षेत्र में होने और वहां आग लगने के कारण राहत एवं शव बरामद करने का अभियान भी चुनौतीपूर्ण रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post