नई दिल्ली। बुधवार दोपहर करीब 3:20 बजे मुंडका में टीकरी मेट्रो स्टेशन के पास सीएनजी भरने वाले केंद्र पर अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज के साथ स्टेशन पर रखा सामान हवा में उड़ गया और कुछ ही पलों में पूरा इलाका धूल और धुएं के गुबार से भर गया। कुछ देर तक वहां अंधेरा छाया रहा। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
करीब 10 से 15 मिनट बाद धूल और धुआं कुछ कम हुआ तो केंद्र के आसपास कई लोग घायल हालत में पड़े मिले। पुलिस के अनुसार, एक प्रत्यक्षदर्शी ने हादसे के दौरान का घटनाक्रम बताया है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, कुछ घायलों के शरीर के अंग तक अलग हो गए थे। पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जांच में सामने आया सिलिंडरों का खौफनाक घटनाक्रम
बाहरी जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि सीएनजी भरने के दौरान ट्रक से तीन सिलिंडर तेज गति से अलग हो गए। ट्रक में कुल छह सिलिंडर लगे थे। एक सिलिंडर दक्षिण दिशा में जाकर दीवार से टकराया, जिसके बाद गैस निकलने लगी और धूल का गुबार उठ गया। दूसरा सिलिंडर भी दीवार की ओर गया और उससे भी गैस निकल गई।
सबसे ज्यादा तबाही तीसरे सिलिंडर ने मचाई। वह हवा में उछलकर केंद्र की छत से टकराया, जिससे छत टूट गई। इसके बाद सिलिंडर नीचे गिरा और सीएनजी भरने वाली दो मशीनों से टकराता हुआ स्कूटी और ईको कार से जा भिड़ा। आखिर में वह दीवार से टकराया। हादसे के समय मशीनों के पास मौजूद कई कर्मचारी और अन्य लोग इसकी चपेट में आ गए।
ऑटो-कट में खराबी की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि सीएनजी भरते समय मशीन का ऑटो-कट तंत्र काम नहीं कर पाया। इससे सिलिंडर में निर्धारित क्षमता से अधिक गैस भर गई और दबाव बढ़ने के कारण सिलिंडर ट्रक के बॉक्स से अलग हो गए। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
धमाके में फिलिंग स्टेशन की तीनों सीएनजी मशीनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की तकनीकी जांच कर रही हैं।

Post a Comment