Top News

पंजाब में अमृतपाल का पहला सियासी दांव, इंदिरा गांधी हत्याकांड के दोषी के बेटे को टिकट



‘वारिस पंजाब दे’ ने बसी पठाना से सतवंत सिंह को बनाया 2027 विधानसभा चुनाव का पहला उम्मीदवार


चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अमृतपाल सिंह से जुड़ी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने अपना पहला उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने फतेहगढ़ साहिब जिले की बसी पठाना विधानसभा सीट से 61 वर्षीय सतवंत सिंह को मैदान में उतारा है। सतवंत सिंह, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं। केहर सिंह को बाद में फांसी दी गई थी।



उम्मीदवारी की घोषणा अमृतपाल सिंह के पिता और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम सिंह ने की। इस दौरान सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी मौजूद थे। पार्टी ने इसे उन परिवारों को राजनीतिक सम्मान देने की नीति से जोड़ा है, जिन्हें वह पंथ और पंजाब के लिए बलिदान देने वाला मानती है।


सतवंत सिंह पहली बार चुनावी राजनीति में उतर रहे हैं। वह पहले बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। बसी पठाना से उनका नाम घोषित होना इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पार्टी ने चुनाव से काफी पहले अपना पहला उम्मीदवार सामने रखकर पंथक राजनीति में अपनी जगह बनाने का संकेत दिया है।


पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों के लिए 2027 में चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में यह फैसला आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के सामने एक नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत कर सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post