भोपाल। बौद्धिक प्रतिकार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम को लेकर संगठन के भीतर हलचल तेज है। पार्टी में नई राष्ट्रीय टीम के गठन पर कई दौर की चर्चा हो चुकी है और नेतृत्व में अनुभवी नेताओं के साथ नए तथा युवा चेहरों को जगह देने की तैयारी बताई जा रही है। 2 जुलाई को नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच हुई लंबी बैठक में भी नई केंद्रीय टीम और संगठनात्मक बदलाव पर मंथन की खबरें सामने आई थीं।
इसी बीच मध्यप्रदेश से राष्ट्रीय संगठन में संभावित जिम्मेदारी पाने वाले नेताओं को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इनमें पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, सांसद गजेंद्र पटेल और वरिष्ठ नेता लालसिंह आर्य के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।
सबसे ज्यादा नजर वीडी शर्मा पर है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में संगठन को संभालने और चुनावी प्रबंधन का अनुभव उनके पक्ष में माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में जिम्मेदारी मिलने की चर्चा पहले भी सामने आती रही है। हालांकि, उनकी संभावित भूमिका को लेकर अभी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जातीय संतुलन भी अहम
भाजपा की नई टीम में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधना केंद्रीय नेतृत्व की बड़ी चुनौती होगी। मध्यप्रदेश से ब्राह्मण, ओबीसी, आदिवासी और दलित प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाया जाता है तो इन चारों नामों पर विचार की संभावना को राजनीतिक हलकों में देखा जा रहा है।
कविता पाटीदार ओबीसी प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण चेहरा हैं, जबकि गजेंद्र पटेल आदिवासी नेतृत्व के रूप में संगठन के लिए उपयोगी हो सकते हैं। लालसिंह आर्य का लंबा संगठनात्मक अनुभव भी उनके पक्ष में जाता है।
हालांकि भाजपा की राष्ट्रीय टीम में जगह केवल जातीय समीकरण से तय नहीं होगी। संगठन में पकड़, चुनावी प्रबंधन, राष्ट्रीय स्वीकार्यता, विभिन्न राज्यों में काम करने का अनुभव और नेतृत्व के साथ समन्वय भी निर्णायक होंगे। पार्टी नई टीम में पीढ़ीगत बदलाव और भविष्य के नेतृत्व को तैयार करने पर भी जोर देती दिखाई दे रही है।
फिलहाल चार नाम चर्चा में हैं, लेकिन अंतिम फैसला दिल्ली में भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या मध्यप्रदेश से इस बार राष्ट्रीय संगठन में एक से ज्यादा चेहरे जगह बना पाएंगे, या टीम नवीन में प्रदेश से सिर्फ एक बड़े नाम पर दांव लगाया जाएगा?

Post a Comment