Top News

भारत-वियतनाम तटरक्षक बलों की सातवीं उच्चस्तरीय बैठक, समुद्री सहयोग बढ़ाने पर जोर

 


चेन्नई। भारत और वियतनाम के तटरक्षक बलों के बीच सातवीं उच्चस्तरीय बैठक 25 अगस्त को चेन्नई में हुई। बैठक में दोनों देशों ने समुद्री क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा दोनों तटरक्षक बलों के बीच परिचालन समन्वय बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की।



बैठक में भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि और वियतनाम तटरक्षक बल के उप कमांडेंट मेजर जनरल लुओंग दिन्ह हंग ने अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इससे पहले मेजर जनरल हंग ने भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक से मुलाकात की।


वार्ता में पेशेवर सहयोग बढ़ाने, समुद्री संपर्क मजबूत करने और दोनों बलों के बीच परिचालन स्तर पर बेहतर तालमेल विकसित करने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने नियमित संवाद और भविष्य में सहयोग को और बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।


यह बैठक ऐसे समय हुई है जब भारत और वियतनाम के तटरक्षक बलों के बीच व्यावहारिक सहयोग भी बढ़ रहा है। चेन्नई में वियतनाम तटरक्षक बल का जहाज सीएसबी 8002 और छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अभ्यास ‘सहयोग-हॉप टैक’ के दूसरे संस्करण में भी हिस्सा ले रहा है। इसमें समुद्री प्रदूषण से निपटने और समुद्री कानूनों के प्रवर्तन से जुड़े अनुभव साझा किए जा रहे हैं।


दोनों देशों के बीच बढ़ता तटरक्षक सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षित, स्थिर और टिकाऊ समुद्री वातावरण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में दोनों पक्षों ने भविष्य में नियमित संपर्क और सहयोग को जारी रखने पर सहमति जताई।

Post a Comment

Previous Post Next Post