Top News

पवन खेड़ा पर घमासान, रिजिजू के बाद हिमंत की एंट्री; बोले- ‘जहां भी हों, अच्छे रहें’



भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर चल रही सियासी तकरार ने अब नया मोड़ ले लिया है। विवाद की शुरुआत कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के एक पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी का बचाव करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और गिरिराज सिंह पर तंज कसा था। खेड़ा ने राहुल गांधी के तैराकी वाले संदर्भ का इस्तेमाल करते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा था। 



इसके जवाब में किरेन रिजिजू ने खेड़ा को आड़े हाथों लिया। रिजिजू ने कहा कि आधे-अधूरे कपड़ों में तैराकी की बात करने पर वह असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से खेड़ा के कथित अनुशासनहीन आचरण की शिकायत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यसभा के लिए पहली बार नामित होने से किसी को अभद्र टिप्पणी करने का अधिकार नहीं मिल जाता। 


इसके बाद विवाद में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा भी कूद पड़े। खेड़ा को लेकर पूछे गए सवाल पर सरमा ने कहा कि पवन खेड़ा की गुवाहाटी पुलिस के साथ अच्छी बातचीत हुई है और उन्होंने वीडियो तथा ऑडियो में अपनी बात रख दी है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले पर ज्यादा चर्चा नहीं करना चाहते। साथ ही तंज कसते हुए बोले कि “वे जहां भी हों, मैं उनके अच्छे की कामना करता हूं।” 


दरअसल, खेड़ा और हिमंत सरमा के बीच पहले से कानूनी विवाद भी चल रहा है। ऐसे में ताजा बयानबाजी ने भाजपा-कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया की सियासी लड़ाई को और धार दे दी है। फिलहाल मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंचता दिखाई दे रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post