Top News

सड़क नहीं, विकास की रीढ़ बनेंगे औद्योगिक गलियारे

इंदौर-भोपाल, ग्वालियर-नागपुर सहित 13 मार्गों पर उद्योगों का नया जाल, निवेश और रोजगार को मिलेगी रफ्तार



भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए राज्य की प्रमुख सड़कों को औद्योगिक गलियारों के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। योजना के तहत 13 नए औद्योगिक मार्ग विकसित किए जाएंगे। इनमें चार मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और नौ मार्ग मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के माध्यम से विकसित होंगे।


राज्य सरकार का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इन मार्गों के किनारे औद्योगिक क्षेत्र, लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउस, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां और एमएसएमई क्लस्टर विकसित कर निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।


प्रस्तावित प्रमुख गलियारों में इंदौर-भोपाल, ग्वालियर-नागपुर सहित कई रणनीतिक मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों के विकसित होने से उद्योगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, माल ढुलाई की लागत घटेगी और नए निवेश के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।


केंद्र सरकार पहले ही राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास औद्योगिक केंद्र विकसित करने की नीति पर काम कर रही है। अब मध्य प्रदेश सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए राज्य के सड़क नेटवर्क को औद्योगिक विकास का आधार बनाने की तैयारी कर रही है।


विशेषज्ञों का मानना है कि यदि योजना समयबद्ध तरीके से लागू हुई तो मध्य प्रदेश की औद्योगिक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और राज्य देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post