शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाशों की पहचान सोनीपत निवासी मोहित और सुमित के रूप में हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब चार बजे शामली के औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। आरोप है कि दोनों बदमाश बाइक से भाग रहे थे और पुलिस टीमों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
जांच में पुलिस को कथित तौर पर पता चला है कि सोनीपत निवासी राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने अंकित की हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस के मुताबिक अंकित से उसकी पुरानी रंजिश थी और उसे विरोधी गिरोह से जुड़ा मानकर साजिश रची गई।
मोहित के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 15 मुकदमे, जबकि सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज बताया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे और शूटरों को किस नेटवर्क के जरिए मदद मिली।
अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में जिम से बाहर निकलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद कथित गैंग कनेक्शन और सोशल मीडिया पर सामने आई जिम्मेदारी की पोस्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया था।

Post a Comment