जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस खास मौके पर घर को सजाने के लिए सिर्फ रंग-बिरंगी लाइटों पर निर्भर रहने के बजाय आप कान्हा थीम के साथ पारंपरिक और आकर्षक सजावट कर सकते हैं। थोड़ी सी रचनात्मकता आपके घर को वृंदावन जैसा खूबसूरत रूप दे सकती है।
फूलों से सजाएं झूला
भगवान कृष्ण के लिए छोटा और सुंदर झूला सजाएं। गेंदे, गुलाब और चमेली के फूलों का इस्तेमाल करें। झूले के आसपास रंगोली और फूलों की पंखुड़ियां सजावट को और आकर्षक बनाएंगी।
मटकी और बांसुरी से बनाएं खास थीम
कृष्ण की सजावट मटकी और बांसुरी के बिना अधूरी मानी जाती है। रंगीन छोटी मटकियां, बांसुरी और मोरपंख को पूजा स्थल या घर के मुख्य हिस्से में सजाएं।
मोरपंख से दें शाही लुक
दीवार, मंदिर या प्रवेश द्वार पर मोरपंख का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे फूलों के साथ सजाने से कान्हा थीम और भी खूबसूरत नजर आएगी।
नन्हे पैरों के निशान बनाएं
घर के मुख्य दरवाजे से पूजा स्थल तक छोटे-छोटे कान्हा के पैरों के निशान बनाएं। माना जाता है कि यह भगवान कृष्ण के घर आगमन का प्रतीक है।
वृंदावन जैसा कोना तैयार करें
घर के किसी एक कोने में कृत्रिम घास, फूल, मटकी, मोरपंख और छोटे पेड़-पौधों से मिनी वृंदावन थीम बनाई जा सकती है। लड्डू गोपाल की सुंदर झांकी यहां सबसे खास आकर्षण बनेगी।
इन आसान सजावट के तरीकों से जन्माष्टमी पर आपका घर भक्ति और उत्सव के रंगों से भर जाएगा। मेहमान भी कान्हा की इस अनोखी थीम को देखकर तारीफ किए बिना नहीं रह पाएंगे।

Post a Comment