मुंबई। शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत पर तीखा हमला बोला है। राउत ने कंगना की हालिया टिप्पणियों को लेकर उन पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें इतना गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कंगना के समर्थकों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और उन्हें ‘अंधभक्त’ करार दिया।
राउत ने महंगाई के मुद्दे को भी कंगना के बयान से जोड़ दिया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कंगना से पूछा जाना चाहिए कि आम आदमी के लिए चाय महंगी क्यों हो गई। राउत के मुताबिक चाय की कीमत बढ़ने के पीछे चीनी और गन्ने की उपलब्धता से जुड़े सवाल महत्वपूर्ण हैं।
राउत ने हाल में गन्ने के इथेनॉल उत्पादन की ओर जाने का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। उनका दावा है कि चीनी के लिए इस्तेमाल होने वाला गन्ना इथेनॉल उत्पादन में जाने से चीनी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है और इसका असर कीमतों पर पड़ रहा है। हालांकि सरकार की ओर से इस दावे को खारिज किया गया है और कहा गया है कि चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए इथेनॉल को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
दरअसल, कंगना इन दिनों फिल्म जगत से जुड़े लोगों की आलोचनाओं का भी जवाब दे रही हैं। उन्होंने तापसी पन्नू, सोनू सूद, आशुतोष राणा और अन्य लोगों पर सार्वजनिक रूप से निशाना साधा है। ऐसे में राउत की टिप्पणी ने अभिनेत्री को लेकर चल रही राजनीतिक बहस को भी नया रंग दे दिया है।
अब सवाल यह है कि चाय की कीमत, गन्ने और इथेनॉल की राजनीति के बीच कंगना को घसीटना महंगाई पर बहस है या फिर महाराष्ट्र की सियासत का नया वार?

Post a Comment