Top News

35 से ज्यादा केस वाला लिस्टेड बदमाश गिरफ्तार, प्लॉटों पर कब्जा कर वसूलता था रंगदारी

 


इंदौर। प्लॉटों पर अवैध कब्जा कर टीन शेड और दुकानें खड़ी करने तथा कब्जा छोड़ने के बदले प्लॉट मालिकों से रकम मांगने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने लिस्टेड बदमाश मुख्तियार खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी राधिका कुंज कॉलोनी में कुछ प्लॉटों पर कब्जा कर वहां निर्माण करवाकर उनका व्यावसायिक उपयोग कर रहा था।



शिकायतों के मुताबिक प्लॉट मालिकों से कब्जा खाली कराने के बदले कथित तौर पर अवैध राशि की मांग की जा रही थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्तियार खान एलआईजी–एमआईजी क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश है। उसके खिलाफ 35 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ ही कब्जे वाली संपत्तियों और कथित वसूली के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।


इस कार्रवाई के बाद सवाल यह भी उठ रहा है कि राधिका कुंज कॉलोनी में लंबे समय तक प्लॉटों पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कैसे चलता रहा। यदि शिकायतों में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित संपत्तियों पर कब्जे और निर्माण के दौरान जिम्मेदार विभागों की भूमिका की भी जांच जरूरी होगी। क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर उसके कब्जे और वसूली से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post