Top News

समंदर में समाया ‘ओशन विनर’, 22 जिंदगियों की तलाश जारी

 


  • भुवनेश्वर। ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर डूबने के बाद 22 चालक दल सदस्यों की तलाश जारी है। जहाज में कुल 24 लोग सवार थे। भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है। अब तक दो लोगों को जीवनरक्षक नौका से सुरक्षित बचाया जा चुका है।


अधिकारियों के अनुसार जहाज ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर रवाना हुआ था और करीब 230-240 समुद्री मील दूर समुद्र में डूब गया। जहाज पर 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक सहित 24 सदस्य सवार थे। हादसे से पहले जहाज से संपर्क टूट गया था। फिलहाल इसके डूबने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।


लापता लोगों को खोजने के लिए भारतीय तटरक्षक बल के कई जहाज और नौसेना की टीमें समुद्री क्षेत्र में अभियान चला रही हैं। आसपास मौजूद व्यापारिक जहाजों को भी तलाश में मदद के लिए सतर्क किया गया है। खराब समुद्री परिस्थितियों और विशाल खोज क्षेत्र के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।


हादसे के 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद 22 लोगों का कोई सुराग नहीं मिलने से उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। बचाव दल समुद्र की सतह पर जीवनरक्षक नौकाओं, मलबे और किसी भी संभावित जीवित व्यक्ति की तलाश कर रहे हैं। अब सबसे बड़ी उम्मीद इसी बात पर टिकी है कि लापता चालक दल के सदस्य किसी जीवनरक्षक साधन तक पहुंचने में सफल हुए हों।

Post a Comment

Previous Post Next Post