महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में सराफा बाजार स्थित विश्वास ज्वेलर्स में बेहद शातिर तरीके से करीब 1.5 किलो सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरी गए सोने की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बुरखा पहने एक महिला पहले दुकान में पहुंची। कुछ देर बाद उसके साथ दो अन्य महिलाएं और टोपी-मास्क लगाए दो पुरुष भी आ गए। पांचों ने करीब 20 से 25 मिनट तक ग्राहक बनकर गहने देखे और दुकान के कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखी।
इसी दौरान एक कर्मचारी का ध्यान दूसरी ओर जाते ही एक महिला काउंटर के नीचे बैठ गई और फाटक के भीतर हाथ डालकर सोने का बॉक्स बाहर खींच लिया। उसने बॉक्स बुरखे में छिपाया और साथियों के साथ दुकान से बाहर निकल गई। सीसीटीवी में चोरी का यह पूरा तरीका रिकॉर्ड हुआ है।
चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी के बाद आरोपी तत्काल भागे नहीं। टोली कुछ देर बाद दोबारा दुकान के सामने से गुजरी और यह सुनिश्चित किया कि उनका पीछा तो नहीं किया जा रहा। इसके बाद सभी सिटी चौक की ओर निकल गए। वहां तीन महिलाएं एक ऑटो और दोनों पुरुष दूसरे ऑटो से अलग-अलग रास्तों पर चले गए।
दुकान में 36 सीसीटीवी कैमरे और घटना के समय 11 कर्मचारी मौजूद थे, इसके बावजूद कुछ ही सेकंड की चूक से करोड़ों का माल गायब हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के भागने के रास्तों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।

Post a Comment