'
बागी नेताओं को लौटने के प्रस्ताव पर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमाई
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बागी नेताओं की वापसी को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी के बागी नेताओं को पार्टी में लौटने के प्रस्ताव पर तीखा हमला बोला है।
ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि "कल तक जिन्हें 'लुटेरे' बताया जा रहा था, आज उन्हीं लोगों को वापस आने का निमंत्रण दिया जा रहा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेतृत्व पहले कहता था कि कई नेता प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई के डर से पार्टी छोड़कर भाग गए, लेकिन अब उन्हीं नेताओं को फिर से पार्टी में शामिल होने का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के विरोधाभासी बयानों से तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और रणनीति पर सवाल खड़े होते हैं। विपक्ष ने इसे राजनीतिक अवसरवाद करार देते हुए सरकार और सत्तारूढ़ दल से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर कहा गया है कि पार्टी का उद्देश्य उन लोगों को अवसर देना है जो अपनी गलतियों को स्वीकार कर संगठन के साथ दोबारा काम करना चाहते हैं। बागी नेताओं की वापसी को लेकर राज्य की राजनीति में बहस लगातार तेज होती जा रही है।

Post a Comment