विशेष संवाददाता | खंडवा
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शुक्रवार को इंदिरा सागर बांध से पानी छोड़े जाने और नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद हांडी कुंडी टापू पर घूमने गए चार युवक अचानक चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही प्रशासन ने रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और शनिवार सुबह करीब 5 बजे सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
राहत अभियान में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), होमगार्ड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल रही। तेज बहाव, अंधेरा और लगातार बारिश के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी युवकों को सुरक्षित किनारे लाया गया।
प्रशासन के अनुसार युवक नदी का जलस्तर बढ़ने का अनुमान नहीं लगा सके और टापू पर ही फंस गए। पानी तेजी से बढ़ने के कारण उनका लौटना संभव नहीं रहा। सूचना मिलने पर तत्काल बचाव दल रवाना किया गया।
लगातार बारिश के कारण खंडवा जिले की कई नदियां और नाले उफान पर हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी, झरनों और टापुओं के आसपास जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
सवाल फिर वही
हर मानसून में हांडी कुंडी और अन्य पर्यटन स्थलों पर जलस्तर बढ़ने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर पहुंच जाते हैं। सवाल यह है कि क्या केवल चेतावनी बोर्ड पर्याप्त हैं, या फिर ऐसे संवेदनशील स्थलों पर मानसून के दौरान प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर सख्ती से निगरानी की जानी चाहिए। प्रशासन और नागरिक—दोनों की सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोक सकती है।

Post a Comment