नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों राज्यों में बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, परिवहन और विकास से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये बताई गई है।
राजस्थान में प्रधानमंत्री सुबह जोधपुर पहुंचेंगे, जहां वे नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे तथा संशोधित उड़ान (UDAN) योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे बालोतरा जिले के पचपदरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी सहित कई विकास परियोजनाओं का राष्ट्र को समर्पण करेंगे। यह रिफाइनरी राज्य के औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इसके बाद प्रधानमंत्री गुजरात पहुंचेंगे, जहां विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य औद्योगिक विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री के दौरे को आगामी विकास योजनाओं और राज्यों में निवेश को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे को लेकर दोनों राज्यों में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Post a Comment