पुरानी रंजिश में हमले का आरोप, तीन घायल; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नीलगंगा क्षेत्र में रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। होली के दौरान हुए पुराने विवाद को लेकर हुए हमले में भाजपा नेता दिलीप राव गौरकर के दो भतीजों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि भाजपा नेता, उनके बेटे और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते अचानक हमला कर दिया। घटना में लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जय ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, हमले का आरोप पासी गुट के लोगों पर लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Post a Comment