Top News

मतदान से पहले प्रशांत किशोर पर कानूनी शिकंजा? जदयू एमएलसी ने एफआईआर की मांग की

 

नीतीश कुमार के वीडियो को 'एआई से बना फर्जी' बताने पर बढ़ा विवाद, चुनावी माहौल गरमाया

पटना।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले जन सुराज के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर नई कानूनी और राजनीतिक चुनौती में घिर गए हैं। जनता दल (यू) के विधान परिषद सदस्य एवं मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने शास्त्रीनगर थाने में शिकायत देकर प्रशांत किशोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। 


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चुनावी वीडियो संदेश को एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) से तैयार फर्जी वीडियो बताया और इस संबंध में भ्रामक बयान देकर मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश की। जदयू का दावा है कि वीडियो पूरी तरह प्रामाणिक है और उसे फर्जी बताना चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास है। 

नीरज कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि मतदान से ठीक पहले इस तरह के बयान से राजनीतिक तनाव बढ़ सकता है और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। 

दूसरी ओर, जन सुराज का आरोप है कि भाजपा और जदयू ने चुनावी लाभ के लिए मुख्यमंत्री का कथित डीपफेक वीडियो प्रसारित किया है। पार्टी का कहना है कि यदि वीडियो वास्तविक है तो उसकी तकनीकी प्रामाणिकता सार्वजनिक की जानी चाहिए। 

बांकीपुर उपचुनाव पहले से ही भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। ऐसे में एआई वीडियो विवाद और एफआईआर की मांग ने चुनावी मुकाबले को और अधिक राजनीतिक रूप से संवेदनशील बना दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post