राजधानी में गूंजेगा ‘जय जगन्नाथ’, 18 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा; हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पुरी की तर्ज पर भव्य स्वरूप में निकाली जाएगी। इस्कान पटेल नगर द्वारा 18 जुलाई को आयोजित होने वाले रथयात्रा महोत्सव में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा नंदीघोष रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। विशेष बात यह है कि इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से आए भक्त भी शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार रथयात्रा को पुरी की परंपरा के अनुरूप सजाया जा रहा है। विशाल नंदीघोष रथ, वैदिक मंत्रोच्चार, संकीर्तन मंडलियां और भक्ति संगीत यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेंगे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को हिंदू परंपरा में विशेष महत्व प्राप्त है। मान्यता है कि इस दिन भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आते हैं और नगर भ्रमण कर सभी को आशीर्वाद देते हैं। इसी कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ खींचने को सौभाग्य मानते हैं।
इस्कान से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष यात्रा में विदेशी भक्तों की भी बड़ी भागीदारी रहेगी। अमेरिका, रूस, ब्रिटेन और अन्य देशों से जुड़े कृष्ण भक्त रथयात्रा में शामिल होकर भक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश देंगे।
यात्रा को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोजन स्थल और मार्ग पर विशेष प्रबंध किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Post a Comment