Top News

इंडोनेशिया से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचा गैंगस्टर जोबन बिल्ला, मोहाली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

 

मोहाली। लंबे समय से फरार चल रहा गैंगस्टर जोबन बिल्ला इंडोनेशिया से डिपोर्ट किए जाने के बाद भारत पहुंच गया। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने उसे मोहाली हवाई अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे पूछताछ के लिए अमृतसर ले जाया गया।



पुलिस अधीक्षक विक्रम बराड़ के नेतृत्व में एजीटीएफ की विशेष टीम आरोपी को लेकर मोहाली पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर हवाई अड्डे और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच आरोपी को हाई सिक्योरिटी में अमृतसर ले जाया गया।


इस बीच पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पंजाब को पूरी तरह गैंगस्टर मुक्त नहीं बना दिया जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


स्पेशल डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि तीन दिनों तक चले विशेष अभियान के दौरान पूरे राज्य में 7,498 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 3,260 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में 135 घोषित फरार अपराधी भी शामिल हैं।


पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान आरोपियों के कब्जे से 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की तथा 30 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि राज्य में अपराध और मादक पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post