देहरादून/चमोली। बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। मामले के प्रमुख आरोपित प्रमोद नौटियाल को चमोली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अब इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) उससे विस्तृत पूछताछ करेगी। प्रारंभिक जांच में चढ़ावे की राशि और उसके प्रबंधन में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, जिसके बाद जांच एजेंसियां वित्तीय लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी यह जानने का प्रयास करेगी कि चढ़ावे की राशि के प्रबंधन में किन-किन लोगों की भूमिका रही, धन का उपयोग किस प्रकार हुआ और क्या इस पूरे मामले में कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था। जांच के दायरे में मंदिर प्रबंधन से जुड़े दस्तावेज, बैंक लेनदेन और अन्य रिकॉर्ड भी शामिल किए गए हैं।
धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले पर उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष होगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले पर पूरे प्रदेश की नजर है, क्योंकि बद्रीनाथ धाम देश के सबसे प्रतिष्ठित तीर्थस्थलों में शामिल है। एसआईटी की पूछताछ और आगे की जांच से इस बहुचर्चित मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment