नई दिल्ली/गंगटोक। सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग ढहने की घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
गृह मंत्री ने कहा कि दुर्घटना में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों को राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गृह मंत्री को बचाव अभियान की प्रगति से अवगत कराया और बताया कि राज्य प्रशासन, एनडीआरएफ, पुलिस तथा अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस कठिन समय में सिक्किम को हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं सुरंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है।

Post a Comment