उज्जैन। भगवान महाकाल की दूसरी शाही सवारी से पहले श्यामू हथिनी की सेहत को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। वर्षों से शाही सवारी का हिस्सा रही श्यामू इस बार शामिल हो पाएगी या नहीं, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वन विभाग ने हथिनी की स्वास्थ्य जांच कराई है और अंतिम निर्णय मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद लिया जाएगा।
श्यामू के महावत और मालिक का दावा है कि हथिनी पूरी तरह स्वस्थ है। उनका आरोप है कि श्यामू को बीमार बताने की कोशिश एक साजिश का हिस्सा है, ताकि उसे शाही सवारी से दूर रखा जा सके। उनका कहना है कि पिछले 46 वर्षों से चली आ रही परंपरा को बिना ठोस कारण बाधित नहीं किया जाना चाहिए।
वहीं महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने वन विभाग से श्यामू की स्वास्थ्य रिपोर्ट मांगी है। समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यदि स्वास्थ्य परीक्षण में हथिनी पूरी तरह फिट पाई जाती है, तभी उसे शाही सवारी में शामिल करने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल सभी की नजर मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद यह तय होगा कि इस बार भी श्यामू भगवान महाकाल की शाही सवारी की शोभा बढ़ाएगी या नहीं।

Post a Comment