Top News

यूएन सुरक्षा परिषद में भारत की नई दस्तक

 


2028-29 के लिए शुरू किया चुनावी अभियान, दुनिया के सामने रखा ‘शांति’ का विजन

नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के 2028-29 कार्यकाल के लिए अस्थायी सदस्य बनने की अपनी दावेदारी का आधिकारिक अभियान शुरू कर दिया है। न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारत के अभियान का शुभारंभ करते हुए "SHANTI (शांति)" विजन पेश किया, जिसके माध्यम से भारत ने नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था, विश्वास, ईमानदारी, आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख और वैश्विक दक्षिण की मजबूत आवाज़ बनने का संकल्प दोहराया। 


भारत ने अपने अभियान में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में व्यापक सुधार, आधुनिक चुनौतियों के अनुरूप शांति अभियानों को मजबूत बनाने, समुद्री सुरक्षा, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आतंकवाद और उसके वित्तपोषण पर कड़ा प्रहार जैसे छह प्रमुख एजेंडे भी सामने रखे हैं। 

यदि भारत 2027 में होने वाला चुनाव जीतता है, तो वह 1 जनवरी 2028 से 31 दिसंबर 2029 तक सुरक्षा परिषद का अस्थायी सदस्य रहेगा। भारत इससे पहले आठ बार इस प्रतिष्ठित निकाय का सदस्य रह चुका है और 2021-22 में उसका पिछला कार्यकाल पूरा हुआ था। इस बार एशिया-प्रशांत समूह की सीट के लिए भारत का मुकाबला ताजिकिस्तान से होने की संभावना है। 

भारत का संदेश साफ है—बदलती वैश्विक परिस्थितियों में संयुक्त राष्ट्र को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए सुरक्षा परिषद में सुधार अब समय की मांग है।

Post a Comment

Previous Post Next Post