जयपुर/दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। ऋषिकेश से इंदौर आ रही एक स्लीपर बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई और बस आग का गोला बन गई।
हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें इंदौर के पांच यात्री जिंदा जल गए। हादसे में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है। वहीं चार यात्रियों के लापता होने की भी सूचना है। आशंका है कि आग की तीव्रता के कारण उनकी पहचान में भी कठिनाई आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग की मदद से बस के शीशे तोड़कर कई यात्रियों को बाहर निकाला। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रक से हुई जोरदार टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जबकि राजस्थान और मध्य प्रदेश प्रशासन पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

Post a Comment