नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को अधिक हरित और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 70 लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की सक्रिय भागीदारी से सफल होने वाला जनआंदोलन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रत्येक खाली और उपयुक्त स्थान को हरित क्षेत्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मॉडल टाउन क्षेत्र में सेंट्रल वर्ज, मेट्रो कॉरिडोर के नीचे तथा सड़कों के दोनों ओर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान को केवल संख्या तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे आने वाले वर्षों में दिल्ली के पर्यावरण को मजबूत आधार प्रदान कर सकें।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, आरडब्ल्यूए और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि दिल्ली का प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो राजधानी को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
दिल्ली सरकार का यह अभियान प्रदूषण नियंत्रण, तापमान में कमी और शहरी पर्यावरण सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Post a Comment