चोरी की 'कला' से प्रभावित होकर चोर परिवार ने बनाया दामाद, वर्षों से पुलिस को दे रहा था चकमा
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के एक शातिर सदस्य वेंकटेशन को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की तलाश मध्य प्रदेश सहित सात राज्यों की पुलिस को थी। उसके खिलाफ 40 से अधिक चोरी और अन्य आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में हुई 12.57 लाख रुपये की चोरी की जांच के दौरान आरोपी तक पहुंच बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि वेंकटेशन चोरी की वारदातों को अंजाम देने में इतना माहिर था कि एक चोर परिवार उसकी इस 'काबिलियत' से प्रभावित होकर उसे अपना दामाद बना लिया। इसके बाद वह संगठित गिरोह के साथ कई राज्यों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से चोरी के माल, उसके साथियों और अंतरराज्यीय नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है। अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, इस गिरफ्तारी से कई पुराने चोरी के मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Post a Comment