240 से अधिक संगीन मामलों का आरोपी, झारखंड में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता
रांची। झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा-209 बटालियन ने संयुक्त कार्रवाई में 25 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा एजेंसियां इसे हाल के वर्षों की बड़ी कामयाबी मान रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अजय महतो पर 240 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षाबलों पर हमले, लेवी वसूली, रंगदारी और अन्य नक्सली गतिविधियों से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में था।
अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर गिरिडीह क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके दौरान उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य माओवादी गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से झारखंड में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों और संगठन के शेष तंत्र की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment