केंद्र सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) और असम राइफल्स में भर्ती के अवसर बढ़ाने का फैसला किया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि पूर्व अग्निवीरों के लिए भर्ती में 50 प्रतिशत तक आरक्षण का प्रावधान किया गया है, ताकि सेना में चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय ने पूर्व अग्निवीरों के पुनर्वास और रोजगार से जुड़े मामलों के समन्वय के लिए "पूर्व अग्निवीर विंग" नाम से एक विशेष प्रकोष्ठ भी बनाया है। इसका उद्देश्य विभिन्न केंद्रीय बलों में उनकी भर्ती प्रक्रिया को सुगम बनाना और आगे के करियर में सहयोग देना है।
गौरतलब है कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों का पहला बैच अभी अपना चार वर्ष का कार्यकाल पूरा करने की प्रक्रिया में है। ऐसे में सरकार पहले से ही उनके भविष्य के रोजगार और पुनर्वास की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है।
सरकार का कहना है कि सैन्य प्रशिक्षण और अनुशासन का अनुभव रखने वाले पूर्व अग्निवीर केंद्रीय सुरक्षा बलों के लिए उपयोगी साबित होंगे। वहीं, इस फैसले से बड़ी संख्या में युवाओं को सेना के बाद भी सरकारी सेवा में अवसर मिलने की संभावना बढ़ेगी।

Post a Comment