नई दिल्ली में जुटेंगे दुनिया भर के खरीदार, निवेशक और उद्योग जगत के दिग्गज
नई दिल्ली। भारत का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र सम्मेलन भारत टेक्स 2026 आज से राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो रहा है। 14 से 17 जुलाई तक चलने वाला यह चार दिवसीय आयोजन भारत की संपूर्ण वस्त्र श्रृंखला को एक मंच पर लाएगा, जिसमें रेशा, धागा, कपड़ा, परिधान, हस्तकरघा, तकनीकी वस्त्र, गृह सज्जा उत्पाद और फैशन उद्योग से जुड़े प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे।
इस सम्मेलन में 1,600 से अधिक प्रदर्शक, 7,000 से ज्यादा विदेशी खरीदार और लगभग 1.30 लाख व्यापारिक आगंतुकों के शामिल होने की उम्मीद है। 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे, जबकि 14 से अधिक देशों के प्रदर्शक और संयुक्त राष्ट्र तथा यूरोपीय संघ जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान व्यापार से व्यापार (बी2बी) बैठकें, निवेशक सम्मेलन, राज्य सरकारों के विशेष सत्र, ज्ञान-विमर्श और निर्यात बढ़ाने पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य भारतीय वस्त्र उद्योग को वैश्विक बाजारों से जोड़ना, निवेश आकर्षित करना और निर्यात को नई गति देना है।
भारत टेक्स 2026 को भारत के वस्त्र उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच माना जा रहा है, जो प्रधानमंत्री के ‘फार्म से फाइबर, फाइबर से फैब्रिक, फैब्रिक से फैशन और फैशन से विदेशी बाजार’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Post a Comment