Top News

महाकाल की नगरी में 1200 करोड़ से अधिक के पेप्सिको प्लांट की एंट्री, आलू किसानों की चमकेगी किस्मत

 

उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन को बड़ा औद्योगिक निवेश मिला है। पेप्सिको इंडिया ने लगभग 1,266 करोड़ रुपये की लागत से अपना अत्याधुनिक फ्लेवर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू कर दिया है। यह संयंत्र कंपनी के भारत में सबसे बड़े निवेशों में से एक माना जा रहा है और इससे प्रदेश में रोजगार, कृषि तथा औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।


करीब 22 एकड़ में विकसित इस प्लांट से लगभग 500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। यह संयंत्र पेप्सिको के पेय पदार्थों के लिए फ्लेवर और कंसंट्रेट का उत्पादन करेगा तथा कंपनी की "इन इंडिया, फॉर इंडिया" रणनीति को मजबूती देगा। प्लांट में नवीकरणीय ऊर्जा, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज और जल संरक्षण जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है।

इस निवेश का सबसे बड़ा लाभ मध्यप्रदेश के किसानों, विशेषकर चिप्स ग्रेड आलू की खेती करने वाले किसानों को मिलने की संभावना है। पेप्सिको पहले से ही प्रदेश में 2,000 से अधिक किसानों के साथ अनुबंध खेती के माध्यम से जुड़ी हुई है। नए निवेश से आलू की मांग बढ़ने, बेहतर बाजार मिलने और किसानों की आय में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह निवेश मध्यप्रदेश में बढ़ते औद्योगिक विश्वास का प्रमाण है। उनके अनुसार यह परियोजना न केवल रोजगार बढ़ाएगी बल्कि प्रदेश में सहायक उद्योगों और निवेश को भी प्रोत्साहित करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post