'ईज़ी कनेक्ट' मॉडल से वाराणसी के यात्रियों को मिलेगा सीधे दुनिया से जुड़ने का रास्ता
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू आज वाराणसी से देश की पहली अंतरराष्ट्रीय हब-एंड-स्पोक (Hub-and-Spoke) हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत वाराणसी भारत का पहला शहर बनेगा, जहां से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को दिल्ली पहुंचने से पहले ही चेक-इन, बैगेज ड्रॉप और इमिग्रेशन जैसी औपचारिकताएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी।
एयर इंडिया की 'ईज़ी कनेक्ट' सेवा 25 जून 2026 से शुरू हो रही है। इस मॉडल में वाराणसी जैसे 'स्पोक' शहरों को दिल्ली जैसे 'हब' एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा, जहां से यात्री दुनिया के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक निर्बाध रूप से यात्रा कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को ट्रांजिट के दौरान दोबारा चेक-इन या सामान लेने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक पहुंच अधिक आसान बनेगी। सरकार का उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों को वैश्विक विमानन नेटवर्क से जोड़ना है।
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने हाल ही में घोषणा की थी कि वाराणसी इस मॉडल के तहत पहला शहर बन गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को मूल हवाई अड्डे पर ही इमिग्रेशन और बैगेज संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Post a Comment