Top News

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज तीन दिन के ब्रिटेन दौरे पर रवाना होंगेCommerce and Industry Minister Piyush Goyal will leave today for a three-day visit to the UK

 .

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज तीन दिन के आधिकारिक दौरे पर ब्रिटेन जा रहे हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा अगले महीने की 15 तारीख को भारत-ब्रिटेन के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते और उससे संबंधित दोहरे अंशदान समझौते के लागू होने से पहले हो रहा है। दौरे के दौरान, श्री गोयल ब्रिटेन के व्यापार और वाणिज्य मंत्री पीटर काइल के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय बैठक करेंगे। चर्चा का मुख्य उद्देश्‍य व्यापार समझौते के कार्यान्वयन की तैयारियों पर होगा। 



मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष दोहरे अंशदान समझौते के परिचालन रोडमैप की भी समीक्षा करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच पेशेवरों और व्यवसायों की आवाजाही में वृद्धि होने की उम्मीद है। चर्चा में निवेश संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर भी बात होगी। श्री गोयल लंदन में आयोजित इंडिया ग्लोबल फोरम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे, जिसका विषय है, पूंजी, नवाचार और ब्रिटेन-भारत मोमेंट। वे उद्योग जगत के नेताओं और निवेशकों के साथ सरकार-से-व्यापार संबंधी कई बैठकों में भाग लेंगे।

केंद्रीय मंत्री एच.एस.बी.सी. और रोल्स रॉयस सहित प्रमुख वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे और ब्रिटेन-भारत बिजनेस काउंसिल द्वारा आयोजित एक व्यापारिक सत्र में भाग लेंगे। वे एशिया हाउस द्वारा आयोजित एक गोलमेज सम्मेलन का नेतृत्व भी करेंगे जिसमें प्रमुख वैश्विक वित्तीय और औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।


वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा वैश्विक व्यवसायों और निवेशकों के साथ आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और 2030 तक भारत और ब्रिटेन के बीच द्विपक्षीय व्यापार को 120 अरब अमरीकी डॉलर तक पहुंचाने के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post