मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की विधि शाखा के तत्वावधान में 27 जून 2026 को एक दिवसीय विधिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ग्वालियर, इंदौर खंडपीठ और जबलपुर मुख्यपीठ से जुड़े 21 अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
कार्यशाला का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। इसका उद्देश्य आयोग से संबंधित विभिन्न न्यायालयीन प्रकरणों में आयोग का पक्ष प्रभावी और मजबूत ढंग से प्रस्तुत करने की रणनीति पर चर्चा करना तथा मामलों के त्वरित निराकरण के लिए समन्वय बढ़ाना रहा। इसी उद्देश्य से आयोग ने पैनल अधिवक्ताओं की संख्या में भी वृद्धि की है।
कार्यशाला में आयोग के अध्यक्ष प्रो. राजेश लाल मेहरा, सदस्य प्रो. नरेंद्र कुमार कोष्ठी, सदस्य श्रीमती पिंकेशलता रघुवंशी, सचिव श्रीमती शीतला पटले, परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीरेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने न्यायालयीन मामलों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
ग्वालियर के शशांक इंदापुरकर, इंदौर के विशाल सनौठिया तथा जबलपुर के आदित्य पचौरी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी प्रकरणों के प्रभावी निराकरण के संबंध में सुझाव दिए। अंत में विधि अधिकारी श्रीमती अनीता शुक्ला ने आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन के.सी. पांडे ने किया।

Post a Comment