जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास मंगलवार को हुए एक विस्फोट में भारतीय सेना के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) सहित चार जवान घायल हो गए। यह घटना नौशेरा सेक्टर के अग्रिम कलाल क्षेत्र में गश्त (Area Domination Patrol) के दौरान हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सेना की नियमित गश्ती टीम इलाके में निगरानी कर रही थी, तभी एक लैंडमाइन अचानक सक्रिय हो गई और जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट में एक JCO और तीन अन्य जवान घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत मौके से निकालकर सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार सभी घायल जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि LoC पर घुसपैठ रोकने के लिए कई संवेदनशील इलाकों में लैंडमाइन बिछाई गई हैं। भारी बारिश और मौसम की मार के कारण कई बार ये बारूदी सुरंगें अपनी मूल स्थिति से खिसक जाती हैं, जिससे गश्ती दलों के लिए खतरा बढ़ जाता है। इस तरह की ‘ड्रिफ्ट माइन’ अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं।
यह पिछले एक सप्ताह के भीतर LoC पर विस्फोट की तीसरी घटना है। इससे पहले उरी सेक्टर में एक आकस्मिक विस्फोट में दो सैनिकों की मौत हो गई थी, जबकि पुंछ सेक्टर में हुए एक अन्य धमाके में दो जवान घायल हुए थे।
सेना और सुरक्षा एजेंसियां घटना के कारणों की जांच कर रही हैं। इस बीच राजौरी क्षेत्र में आतंकवादियों की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान भी जारी है।

Post a Comment