ऑकलैंड (न्यूजीलैंड)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच महिला नेशंस कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत ने अपने दूसरे पूल-ए मुकाबले में जापान को 2-1 से हराकर अंतिम चार का टिकट पक्का किया। लगातार दूसरी जीत के साथ भारतीय टीम छह अंकों के साथ पूल-ए में शीर्ष पर पहुंच गई है।
मैच में भारत की कप्तान Salima Tete और Lalremsiami ने एक-एक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। जापान की ओर से हिरामित्सु आई ने एकमात्र गोल किया। कप्तान सलीमा टेटे को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। तीसरे क्वार्टर में सलीमा टेटे ने भारत को बढ़त दिलाई, लेकिन जापान ने जल्द ही बराबरी कर ली। इसके बाद चौथे क्वार्टर में लालरेमसियामी ने निर्णायक गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई, जिसे टीम ने अंत तक बरकरार रखा।
इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। टीम ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में अमेरिका को 3-2 से हराया था और अब उसका अगला मुकाबला उरुग्वे से होगा।
एफआईएच महिला नेशंस कप का विजेता अगले सत्र की एफआईएच प्रो लीग में प्रवेश हासिल करेगा। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Post a Comment