नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रवास केवल औपचारिक दौरा न रहे, बल्कि कार्यकर्ता और बूथ स्तर तक संवाद का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी अपने प्रवास के दौरान रात्रि विश्राम अवश्य करें और स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच समय बिताएं।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी चुनावी तैयारियों और बूथ स्तर तक भाजपा की पहुंच को और मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा हुई। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ नेटवर्क और समर्पित कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ समितियों, शक्ति केंद्रों और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संपर्क बनाए रखना होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यक्रम गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचे। केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
भाजपा अध्यक्ष ने पदाधिकारियों से कहा कि प्रवास के दौरान केवल बैठकें करने के बजाय स्थानीय समाज, प्रबुद्ध वर्ग और कार्यकर्ताओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद बढ़ाया जाए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा का यह अभियान आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय तथा चुनावी मोड में लाने की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी नेतृत्व का फोकस बूथ सशक्तिकरण, युवा संपर्क और जनाधार विस्तार पर दिखाई दे रहा है।

Post a Comment